सुनो कश्मीर फिर लौट आओ

सुनो कश्मीर फिर लौट आओ

सुनो कश्मीर फिर लौट आओ
सुनो कश्मीर तुम तो ऐसी न थीं।
तुम तो अमित सौंदर्य की देवी थीं
कश्मीर
कश्मीर
पर्वतों पर हिमश्रृंगार करती थीं
अप्सरा बन कर जमीं पर उतरतीं थीं
उतुंग शिखरों पर सूरज की सुनहरी किरण थीं।
जैसे दुल्हन की चांदबिन्दी मनहरण थीं।
चिनार के पत्तों से ढका आँचल तुम्हारा था।
डल झील के बीच में एक प्यारा शिकारा था।
तुम्हारे पास गुलमर्ग के लंबे कोनिफर थे।
सोनमर्ग के पाइन और पहलगाम के देवदार थे
श्रीनगर की पश्मीना शॉल थी तुम
जम्मू में वैष्णो देवी की ढाल थी तुम
अनंत नाग के घने जंगल कहाँ खो गए।
कश्मीरी केसर कैसे जहर हो गए।
किसने छोटे बच्चों के स्कूलों को जलाया है।
किसने कश्मीरी जवानी को फुसलाया है।
किसने सुरीले संगीत को विस्फोटों में बदला है।
किसने भूखे बच्चे के दूध को बमों से निगला है।
किसने संविधान की सीमाओं को ललकारा है।
किसने कश्मीर की अस्मिता को दुत्कारा है।
सुनो कश्मीर तुम्हे किसी की नज़र लगी है।
खून से लथपथ तुम्हारी हर गली है।
किताबों की जगह हाथों में तुम्हारे पत्थर हैं।
तुम्हारी क्यारियों में फूलों की जगह नस्तर हैं।
जहाँ अजानों और भजनों की आशनाई थी।
जहाँ हरदम बजती सुरीली शहनाई थी।
आज वहां नफरत का मंजर है।
सभी के हाथों में खूँरेज खंजर है।
आतंक के मंसूबे बुने जा रहे हैं।
भारत विरोधी स्वर सुने जा रहे हैं।
हर पत्थर तुम्हे लहूलुहान कर रहा है।
तुम्हारा ही खून तुम्हे श्मशान कर रहा है।
सुनो कश्मीर बच सको तो बचो इस बहशी बबंडर से।
सुनो कश्मीर लौट आओ इस खूनी समंदर से।
फिर से क्यारियों में केसर महकने दो।
दो फूल मुहब्बत के इस धरती पे खिलने दो।
पढ़ने दो पाठ बच्चों को इंसानियत के।
मत बनो खिलौने फिर से हैवानियत के।
एक बार फिर भारत का मुकुट बन जाओ।
सुनो मेरी कश्मीर अब दिल न दुखाओ।
सुनो प्यारी कश्मीर अब लौट आओ।

यह रचना सुशील कुमार शर्मा जी द्वारा लिखी गयी है . आप व्यवहारिक भूगर्भ शास्त्र और अंग्रेजी साहित्य में परास्नातक हैं। इसके साथ ही आपने बी.एड. की उपाध‍ि भी प्राप्त की है। आप वर्तमान में शासकीय आदर्श उच्च माध्य विद्यालय, गाडरवारा, मध्य प्रदेश में वरिष्ठ अध्यापक (अंग्रेजी) के पद पर कार्यरत हैं। आप एक उत्कृष्ट शिक्षा शास्त्री के आलावा सामाजिक एवं वैज्ञानिक मुद्दों पर चिंतन करने वाले लेखक के रूप में जाने जाते हैं| अंतर्राष्ट्रीय जर्नल्स में शिक्षा से सम्बंधित आलेख प्रकाशित होते रहे हैं | अापकी रचनाएं समय-समय पर देशबंधु पत्र ,साईंटिफिक वर्ल्ड ,हिंदी वर्ल्ड, साहित्य शिल्पी ,रचना कार ,काव्यसागर, स्वर्गविभा एवं अन्य  वेबसाइटो पर एवं विभ‍िन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाश‍ित हो चुकी हैं।आपको विभिन्न सम्मानों से पुरुष्कृत किया जा चुका है जिनमे प्रमुख हैं :-
 1.विपिन जोशी रास्ट्रीय शिक्षक सम्मान “द्रोणाचार्य “सम्मान  2012
 2.उर्स कमेटी गाडरवारा द्वारा सद्भावना सम्मान 2007
 3.कुष्ट रोग उन्मूलन के लिए नरसिंहपुर जिला द्वारा सम्मान 2002
 4.नशामुक्ति अभियान के लिए सम्मानित 2009
इसके आलावा आप पर्यावरण ,विज्ञान, शिक्षा एवं समाज  के सरोकारों पर नियमित लेखन कर रहे हैं |

You May Also Like